मैहर जिले की अमरपाटन थाना क्षेत्र में आस्था और अंधविश्वास के नाम पर एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जहा झाड़-फूंक के बहाने महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पुलिस के मुताबिक अमरपाटन थाना में ताला निवासी महिला ने 19 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बीमारी के चलते अपने पति के साथ ग्राम गोरा में झाड़-फूंक कराने गई थी। झाड़ फूंक के दौरान महिला का पति जब बाहर गया हुआ था, तभी आरोपी ने मौका पाकर उसके साथ जबरन गलत कृत्य किया। यही नहीं आरोपी ने पीड़िता को डराते हुए कहा कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो देवी-प्रकोप के कारण उसके पति और बच्चों की मृत्यु हो जाएगी।
घटना के बाद उसी का फायदा उठाये हुए आरोपी ने महिला को लगातार फोन कर परेशान करता रहा। आखिरकार पीड़िता ने साहस जुटाकर पूरी घटना अपने पति को बताई और थाना अमरपाटन में रिपोर्ट दर्ज कराई और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी अमरपाटन निरीक्षक अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर आरोपी अनिल दाहिया (55 वर्ष), निवासी गोरा, थाना अमरपाटन को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।






